Tag Archive | "- vivamus"

Tags: ,

हॉलीवुड में कार्टून फिल्मों के नाम रहा 2010 का साल

Posted on 24 दिसम्बर 2009 by admin

हॉलीवुड के वर्ष लिए 2010 कई ओरिजनल कहानियों वाली फिल्मों के साथ-साथ ‘लार्जर देन लाइफ’ फिल्मों के लिए भी जाना जाएगा। इस वर्ष हॉलीवुड की अधिकतर फिल्में जो बॉक्स ऑफिस पर भारी संख्या में दर्शक जुटा पाई वो उपन्यासों, कॉमिक्स कहानियों, सिक्वल (शृंखलाबध्द फिल्मों) पर आधारित थीं। स्पेशल इफैक्ट्स से लबरेज कल्पनाशील फिक्शन और एनिमेशन फिल्में दुनिया भर में बॉक्स ऑफिस पर दूसरी फिल्मों से कई गुना अधिक कमाई करने में सफल रही। एक आम चलन के अनुरूप ये फिल्में अमरीका में और उसके बाद ब्रिटेन, भारत सहित एशिया के बड़े देशों, कनाडा, आस्टे्रलिया, न्यूजीलैंड सहित दुनिया के कई हिस्सों में प्रदर्शित हुईं, लेकिन सभी स्थानों पर इनकी समीक्षा और टिकट खिड़की पर कमाई अपेक्षा के अनुरूप ही रही। इस वर्ष एनिमेशन फिल्मों का जादू हॉलीवुड के दर्शकों के सिर चढ़कर बोला। टॉप टेन सफलतम फिल्मों में चार सुपर डुपर हिट फिल्में कार्टून की दुनिया से ही रहीं

टॉय स्टोरी-3
1 अरब 64 करोड़ डॉलर की रिकार्ड कमाई
पिक्सर एनिमेशन स्टूडियाो द्वारा निर्मित ‘टॉय स्टोरी-3′ टॉय स्टोरी सिक्वल की अंतिम सिक्वल है। वाल्ट डिज्नी पिक्चर्स ने इसका डिस्ट्रीब्यूशन किया। 200 मिलियन डॉलर में बनी इस कार्टून फिल्म ने दुनिया भर में 1 अरब डॉलर से अधिक कमाई की। ‘टॉय स्टोरी-3′ पहली 3डी एनिमेशन फिल्म है जिसमें लाइव एक्शन के साथ 3डी तकनीक प्रयोग में लाई गई। हॉलीवुड के नामी सितारों-टॉम हैंक्स, वुडी गोल्डबर्ग, टिम ऐलन, नेड बैट्टी, जुआन कूसैक ने कार्टून पात्रों को अपनी आवाज दी है। फिल्म की कहानी में खिलौनों की दुनिया को भी मानवीय भावनाओं और संवेदनाओं से ओतप्रोत दिखाया गया है। इसके साथ इंसानी रिश्तों की महीन बुनावट को भी बखूबी परदे पर उकेरा गया है। ‘टॉय स्टोरी-3′ ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के कई नए रिकार्ड बनाए हैं। यह 3डी एनीमेशन की पहली ऐसी फिल्म है जिसकी कमाई 1 अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गई। फिल्म को पूरी दुनिया में तीन फॉरमेट ’3डी’, ‘रीयल डी’ और ‘आईमैक्स 3डी’ में रिलीज किया गया। पूरे अमरीका में फिल्म ने पहले ही दिन 100 प्रतिशत ओपनिंग पाने का भी नया रिकार्ड बनाया। दुनिया भर से अब तक फिल्म 1 अरब 64 करोड़ डॉलर का कारोबार कर चुकी है। इस फिल्म को एनिमेशन कैटेगरी में ऑस्कर को प्रबल दावेदार माना जा रहा है।

इनसेपशन
सपनों की भी हो सकती है चोरी
निर्माता वार्नर ब्रदर्स की यह फिल्म एक मनोवैज्ञानिक थ्रिलर है। क्रिस्टोफर नोलन, जो फिल्म के निर्देशक हैं, उन्होंने फिल्म के आइडिया पर लगभग दस वर्षों तक शोध किया। ऑरिजनल कॉन्सेप्ट वाली ‘इनसेपशन’ के लेखक और निर्माता भी नोलन ही हैं। नोलन ने शुरू में इस आइडिया को हॉरर फिल्म में तब्दील करने की योजना बनाई थी। परंतु जब उन्होंने फिल्म का ट्रीटमेंट लिखना प्रारंभ किया तो कहानी मनोवैज्ञानिक क्राइम की ओर अग्रसर होती गई। उन्होंने इसका लगभग 80 पेज का ट्रीटमेंट लिखा। वार्नर ब्रदर्स को ट्रीटमेंट पसंद आया तथा इस फिल्म का बजट रखा गया 160 मिलियन डॉलर। ‘इनसेपशन’ में लियोनार्डो डी कपारियो और केन वातान्बे के मनोवैज्ञानिक फार्मूले लूसिड ड्रिमिंग और फाल्स मेमोरी को आधार बनाकर क्राइम की एक पूरी दुनिया दिखाई गई है। जहां नायक (लियोनार्डो डी कपारियो)एक टोटम का प्रयोग कर व्यक्तियों के सपनों में प्रवेश कर जाता है और सभी महत्वपूर्ण जानकारियां चुरा लेता है। ये टोटम उसकी मृत पत्नी का था। कहानी बेहद काम्प्लेक्स है। लेकिन तकनीक, एडिटिंग और अभिनय इसका आभास नहीं होने देता कि घटना असली में घट रही है या सुप्तावस्था में सपने में घटित हो रही है। फिल्म ने दुनिया भर में 820 मिलियन डॉलर का व्यापार किया है।

श्रेक फॉरएवर आफ्टर
समीक्षकों का मिश्रित रिस्पांस

श्रेक की बीती सभी एनिमेटेड फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर सफलता के झंडे गाड़े हैं। इस वर्ष श्रेक शृंखला की चौथी और अंतिम सिक्वल रिलीज हुई। फिल्म को समीक्षकों का मिला-जुला रिस्पांस मिला। 165 मिलियन डॉलर में बनी ये 3डी एनिमेटेड फिल्म का निर्माण ड्रीमवर्क्स एनिमेशन और वितरण पेरामाउंट पिक्चर्स ने किया। यह फिल्म अब तक दुनिया भर में 739 मिलियन डॉलर का कारोबार कर चुकी है।

एलिस इन वंडरलैंड
वॉल्ट डिज्नी के लिए सवा सौ अरब बटोरने में कामयाब
वाल्ट डिज्नी की ही दूसरी कार्टून फिल्म ‘एलिस इन वंडरलैंड’ भी 1 अरब डॉलर से अधिक की कमाई कर इतिहास बना गई। निर्माता कंपनी वाल्ट डिानी के लिए 2010 का साल यादगार रहा, क्योंकि उनकी दोनों फिल्मों ‘टॉय स्टोरी-3′ और ‘एलिस’ भारी कमाई के साथ टॉप टेन फिल्मों में अव्वल रहीं। 200 मिलियन डॉलर के बजट में बनी ये कार्टून फिल्म लेखक लेविस कैरॉल के बाल उपन्यास एलिस इन वंडरलैंड पर आधारित है। फिल्म ने पूरी दुनिया में लगभग 1 अरब 25 करोड़ डॉलर कमाए। वाल्ट डिज्नी की इन दोनों फिल्मों ने एक ही वर्ष में 1 अरब डॉलर से ज्यादा का बिजनेस करने के बाद हॉलीवुड की 50 ऑल टाइम ब्लॉक बस्टर फिल्मों में पांचवा व छठा स्थान बना लिया है।

दि टि्वलिट सागा : एक्लिप्स
जबर्दस्त मिडनाइट ओपनिंग

टि्वलिट की ये तीसरी सिक्वल भी पहली दो फिल्मों-’टि्वलिट’ और ‘न्यू मून’ की कहानी को विस्तार देता है। लेखिका स्टेफिनी मेयर के 2007 में प्रकाशित हुए फंतासी उपन्यास ‘एक्लिप्स’ पर आधारित इन फिल्मों में वेम्पायर (मानव खून पीने वाले शैतान) और वेयरवूल्फ का रोमांटिक पक्ष रखा गया है। फिल्म की स्क्रिप्ट मेलिसा रोसनबर्ग ने लिखी है। मेलिसा पूर्व में भी इन दोनों फिल्मों की स्क्रिप्ट लिख चुकी हैं। ‘एक्लिप्स’ का निर्देशन डेविड स्लेड ने किया है और फिल्म के मुख्य पात्र रॉबर्ट पैटिनसन और क्रिस्टेन स्टीवर्ट हैं। 20 वर्षीय राबर्ट पैटिनसन और 18 वर्षीया क्रिस्टेन स्टीवर्ट की मासूम प्रेम कहानी को दर्शकों ने बहुत सराहा है। और हॉलीवुड में ये जोड़ी एक धमाकेदार जोड़ी के तौर पर उभरी है। मात्र 68 मिलियन डॉलर के बजट में बनी इस फिल्म का निर्माण सम्मीट एंटरटेनमेंट ने किया है। वेम्पायर और वेयरवूल्फों की कहानी कहती ‘टि्वलिट’ के जरिए निर्माता दर्शकों को रोमांचित करने में सफल रहे हैं। इसीलिए इसे आधी रात को सिनेमाघरों में रिलीज किया गया। अमरीका और कनाडा के 4000 थियेटरों में आधी रात यह फिल्म प्रदर्शित की गई। और बॉक्स ऑफिस इतिहास में यह फिल्म मिड नाइट ओपनिंग में 30 मिलियन डॉलर से अधिक कमाई करने का एक नया रिकार्ड बना गई। दुनिया भर में इसे कुल 692 मिलियन डॉलर की कमाई हुई है।

आयरन मैन-2
अब तक दस गुना कमाई

हॉलीवुड की इस वर्ष टॉप टेन फिल्मों में पेरामाउंट पिक्चर्स की ‘आयरन मैन-2′ छठे स्थान पर है। अमरीकी सुपर हीरो की कहानी कहती इस फिल्म में मुख्य किरदार राबर्ट डाउनी जूनियर ने निभाया है। ‘आयरन मैन’ की कहानी मारवल कॉमिक्स के पात्र आयरन मैन पर आधारित है। फिल्म का निर्माण मारवल सिनेमैटिक्स ने पेरामाउंट के साथ मिलकर किया। और तीन शृंखलाओं में बनने वाली इस फिल्म का इस वर्ष दूसरा पार्ट आया है। फिल्म में स्पेशल इफैक्ट्स का अच्छा प्रयोग हुआ है। 69 मिलियन डॉलर में बनी इस फिल्म को समीक्षकों ने अच्छी रेटिंग दी है। फिल्म ने कुल 621 मिलियन डॉलर का बिजनेस किया।

डेस्पीकेबल मी
मौलिक कहानी का 3डी ताना-बाना

टॉप टेन फिल्मों में ये चौथी 3डी एनिमेशन फिल्म है जिसने सर्वाधिक सफलता पाई। यूनीवर्सल पिक्चर्स और इल्युमिनेशन एंटरटेनमेंट के बैनल तले बनी यह एक कॉमेडी फिल्म है। फिल्म के एनिमेटेड पात्रों की रचना पेरिस के मशहूर मैक गफ स्टूडियाो में हुई है। इस कार्टून फिल्म की कहानी एक ऐसे सुपर खलनायक की है जो दुनिया पर कब्जा करने के लिए तीन अनाथ लड़कियों की सेना बनाता है। लेकिन तीनों लड़कियों की मासूमियत उसे बदलने लगती है। लगभग 200 मिलियन डॉलर में बनी इस 3डी एनिमेशन की कहानी किसी उपन्यास या कॉमिक्स से प्रेरित नहीं बल्कि एक मूल कहानी है। फिल्म ने अब तक दुनिया भर में लगभग 520 मिलियन डॉलर का व्यापार किया है।

क्लैश ऑफ दि टाइटन्स
फंतासी फिल्म का सफल रीमेक

वार्नर ब्रदर्स की यह फिल्म 1981 में इसी नाम से बनी फिल्म का रीमेक है। ग्रीक माइथोलॉजी पर आधारित इस फिल्म में फंतासी है जिसे 3डी में परिवर्तित कर नए स्पेशल इफ्ैक्ट्स के साथ दोबारा बनाया गया है। लुइस लेटेरीएर द्वारा निर्देशित इस फिल्म में मुख्य भूमिकाएं सैम वर्दींटन, लियामनीसन और रेल्फ फिन्स ने निभाई हैं। 125 मिलियन (अनुमानित) डॉलर में बनी यह फंतासी फिल्म अब तक कुल 494 मिलियन डॉलर का कारोबार कर चुकी है।

हाऊ टू ट्रेन योर ड्रैगन
एक और सफल फंतासी फिल्म

टॉप टेन के नवें पायदान पर भी एक 3डी कार्टून फिल्म है। कंप्यूटर एनिमेटेड इस फंतासी फिल्म की कहानी इसी नाम से आई एक पुस्तक पर आधारित है। ड्रीम वर्क्स को इस एनिमेशन फिल्म को बनाने में कुल 165 मिलयिन डॉलर लगे। फिल्म में वायस ओवर के लिए प्रसिध्द नामों जे ब्रो केल, गेराड बटलर, क्रेग फगुर्सन के साथ अन्य सितारों की आवाजें ली गई हैं। फिल्म को ओपनिंग थोड़ी धीमी मिली, लेकिन पहले वीकएंड के बाद ही इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बना ली और अब तक लगभग 494 मिलियन डॉलर का बिजनेस कर चुकी है।

हैरी पॉटर एंड दि डेडली हॉलोव्स
पात्र पुराने मगर जोश नया

लेखिका जे.के.रॉलिंग के मशहूर उपन्यास हैरी पॉटर सीरिज की ये सातवीं फिल्म है। वार्नर ब्रदर्स द्वारा निर्मित इस फिल्म के निर्देशक डेविड याट्स हैं। फिल्म में वही पुराने पात्र हैं। डेनियल रेडक्लिफ हैरी पॉटर की भूमिका में जादूगर की तिलिस्मी दुनिया में अनिष्ट देव लार्ड वाल्डरमोड के जादू को खत्म करने के लिए कू्रस को खोज रहे हैं। फिल्म में स्पैशल इफैक्ट्स का प्रयोग बेहद रोमांचक तरीके से किया गया है। उपन्यास के सातवें शृंखला का पहला भाग इस वर्ष 19 नवंबर को पूरी दुनिया में एक साथ रिलीज किया गया। आइमैक्स फारमेट में प्रदर्शित हुई इस फिल्म ने एक सप्ताह में ही 400 मिलियन डॉलर कमा लिए हैं। फिल्म का दूसरा भाग ‘आइमैक्स 2डी’ और ’3डी’ फॉरमेट में अगले वर्ष जुलाई में रिलीज होगा।

Comments (1)

Tags: ,

लवी रोहतगी के बारे में

Posted on 11 दिसम्बर 2009 by admin

लवी रोहतगी के बारे में
बेटी में अपनी छाया देखती हूं-उमा, लवी की मां
मैं खुद भी बहुत कुछ करना चाहती थी। काव्य-गीत गोष्ठियों का मंच मुझे हमेशा मिला। मैं उसे पार कर फिल्मों में आना चाहती थी। परिवार में इतनी सारी विसंगतियां थीं कि घर की देहरी में बंद होकर रह गई। लेकिन, जब मेरी बेटी पैदा हुई तो मेरे सपने उसके सपनों में उतरने लगे। मेरी बेटी लवी बहुत खूबसूरत थी, फिर सोचा क्यों नहीं इसे फैशन, सिनेमा की दुनिया में जाने केलिए प्रेरित करूं। लवी को न जाने कहां से वह ऊर्जा मिलने लगी। आज मुझे लगता है कि जैसे अभिमन्यु ने मां के गर्भ में ही धनुर्विद्या सीखनी शुरू कर दी थी, वैसे ही लवी ने मेरे गर्भ में रहते हुए मेरे सपनों को अंजाम देना शुरू कर दिया था। हालांकि एक्टिंग के क्षेत्र में काफी प्रतिद्वंद्विता है और काफी टैंलेंटेड लड़कियां निकल कर सामने आ रही हैं, लेकिन मुझे अपनी बेटी पर भरोसा है कि वह आगे निकलेगी। मैं यह इस आधार पर कह रही हूं कि लवी ने कभी हड़बड़ी में कोई काम नहीं किया है, वह कभी शॉर्टकट नहीं अपनाती। रफ्ता-रफ्ता आगे बढ़ रही है। मॉडलिंग, म्यूजिक अलबम, भोजपुरी फिल्मों और अब हिंदी फिल्में यह उसकी लगन का ही नतीजा है। वह अपने फैसले अब खुद लेने लगी है। ग्लैमर की दुनिया में अगर लवी का नाम बड़ा हो जाता है तो इससे ज्यादा एक मां केलिए और क्या हो सकती है।

सौ प्रतिशत रिजल्ट देना चाहती है:-धमर्ेंद्र सिंह, स्टोरी स्क्रीन प्ले डॉयलॉग राइटर
लवी अभिनीत एक फिल्म ‘पम्मी से प्यार हो गईल’, का स्टोरी-स्क्रीन प्ले और डॉयलाग मैंने लिखा था। शूटिंग केदौरान मुझे काफी तसल्ली मिली कि जैसा रोल लवी था। उसने पर्दे पर इसे हू-ब-हू उतार कर सामने रख दिया। हालांकि मुझे इस बात का डर शुरू-शुरू में जरूर लगा कि पता नहीं भोजपुरी डॉयलॉग वो कितना सही बोल पाएगी, लेकिन डायलॉग पर जब उसे मेहनत करते देखा तो दंग रह गया। डबिंग केदौरान वह सौ प्रतिशत रिजल्ट देने की कोशिश में लगी रही। पहले भी उसने कई भोजपुरी फिल्में की थीं, आज तो और भी ज्यादा कर रही है। लवी में सबसे अच्छी बात है कि वह डायलॉग हो या डांस या फिर परफारमेंस सब पर काफी गंभीरता से ध्यान देती है। डांसर तो वह गजब की है। उसके म्यूजिक अलबमों और कई आइटम नंबर से यह झलक मिलती है। वह यूनिट केहर सदस्य केसाथ सहयोग रखती है। कभी किसी से नाराज नहीं होती और हमेशा मुस्कुराती रहती है। ‘पम्मी से प्यार…’ के निर्माण दौरान एक दिन लवी की तबीयत काफी खराब हो गई थी, इसके बावजूद उसने शूटिंग की। वह नहीं चाहती थी कि निर्माता और यूनिट को उसके कारण कोई नुकसान हो। वह आज भोजपुरी इंडस्ट्री की टैलेंटेड नायिकाओं में शामिल है, इसीलिए उसकेपास कई फिल्में केऑफर हैं। मैं लवी के बेहतर भविष्य की कामना करता हूं।

Comments (0)

Follow us on
Friend
Follow
Watch
Read Our Guest's Blog