Tag Archive | "- info"

Tags: , , ,

बिजनेस में भी सुपरस्टार

Posted on 11 जनवरी 2010 by admin

भारतीय फिल्म उद्योग के कुछ ऐसे चेहरे जिन्होंने अपने फिल्मी जीवन से दीगर दूसरे व्यवसायों में भी हाथ आजमाया और बतौर बिजनेसमैन वहां भी सफलता के झंडे गाड़ दिए
बॉलीवुड के बेताज बादशाह शाहरूख खान बिजनेस में भी बादशाह हैं। इंडियन प्रीमियर लीग में उनकी अपनी क्रिकेट टीम के साथ-साथ कोलकाता का ईडेन गार्डन स्टेडियम भी है। इस टीम को उन्होंने 312 करोड़ रुपए में खरीदा था। उनकी फिल्म निर्माण की दो कंपनियां हैं-रेड चिलीज और ड्रीम्ज अनलिमिटेड। ड्रीम्ज अनलिमिटेड शाहरूख खान ने जुही चावला व अजीज मिर्ाा के साथ मिलकर बनाई थी। टीवी सीरियल व प्रोग्राम बनाने के लिए किंग खान ने तीसरी कंपनी बनाई है। पोस्ट प्रोड्क्शन के लिए रेड चिलीज स्टूडियो है। फिल्म में प्रयोग आने वाले यंत्र मसलन एरीफ्लेक्स कैमरा, लाइट, क्रेन आदि के लिए उनकी चौथी कंपनी-आर्क लाइट है। जिसके पास अंतरराष्ट्रीय स्तर के इक्विपमेंटस हैं। उनकी पांचवीं कंपनी आर्यन इंर्फोमेटिक्स साफ्टवेयर का बिजनेस करती है। इसके अलावा उनकी एक अपनी परफ्यूम लाइन है। जिसका निर्माण फ्रांस की एक कंपनी करती है। एक मनोरंजक चैनल ई-24 में भी किंग खान की हिस्सेदारी है। इतने लंबे चौड़े बिजनेस के बाद अब शाहरूख खान की योजना अपनी डिजाइनर लाइन, पंचसितारा होटल और एम्यूजमेंट पार्क लाने की है।
बॉलीवुड के शंहशाह अमिताभ बच्चन ने दशक पूर्व एबीसीएल (अमिताभ बच्चन कंपनी लिमिटेड) का गठन किया था। नई प्रतिभाएं खोजना और उन्हें फिल्मों के जरिए लांच करना इस कंपनी का उद्देश्य था। अरशद वारसी, प्रिया गिल, सिमरन, चंद्रचूड़ सिंह जैसे सितारे इसी कंपनी की खोज रहे हैं। लेकिन कंपनी को दो सौ करोड़ से अधिक का घाटा उठाना पड़ा। वर्तमान में बिग बी ने दोबारा इसको नए नाम एबीकार्प के रूप में गठित किया है। अब उनकी पुत्रवधु ऐश्वर्या राय कंपनी का कामकाज देखती हैं। ‘पा’, ‘हरिश्चंद्राची फैक्टरी’ का निर्माण व वितरण एबीकार्प ने किया। विज्ञापन के अलावा बिग बी का जमीनों का भी कारोबार है और राजनीति में भी वे अपनी किस्मत आजमा चुके हैं। और उनकी भी अपनी परफ्यूम लाइन है। इसके अलावा वे अपने विज्ञापन अनुबंधों और टीवी शोज से खूब चांदी कूट रहे हैं।
अभिनेता से निर्माता बने आमिर खान ने भी निर्माण कंपनी खोली। आमिर खान प्रोड्क्शंस ने अब तक सुपरहिट फिल्मों-’लगान’, ‘मंगल पांडे’, ‘तारे जमीं पर’, ‘जाने तू या जाने ना’,'पीपली लाइव’ जैसी फिल्म का निर्माण किया है। ‘धोबी घाट’ और ‘देली बेली’ इनकी आने वाली फिल्में हैं। इन सभी फिल्मों से करोड़ों रुपए कमाकर उनकी कंपनी फिलहाल बॉलीवुड की नंबर वन प्रोड्क्शन हाउस बन गई है क्याेंकि आमिर को व्यापार करना बखूबी आता है।
हालांकि दबंग सलमान खान की अपनी कोई कंपनी या अन्य व्यवसाय नहीं है लेकिन सभी जानते हैं कि अपने दोनों भाइयों अरबाज खान और सोहेल खान तथा बहन अलवीरा की फिल्म निर्माण कंपनी को गठित करने में सल्लू मियां की मुख्य भूमिका रही है। एक्टिंग के अलावा एकमात्र विज्ञापन से ही वे धन कमा रहे थे, अब सलमान खान भी पेंटिंग्स और डिजाइनर वस्त्रों के व्यापार में पांव रख चुके हैं।
नवाब खानदान के पुत्र होने के कारण सैफ अली खान को कई कारोबार खानदानी विरासत में मिले हैं। उनकी पटौदी और भोपाल की हवेली और महल में होटल हैं। इसके साथ-साथ सैफ की अपनी फिल्म निर्माण कंपनी भी है। जिसके तहत ‘लव आजकल’ और ‘एजेंट विनोद’ का निर्माण कर चुके हैं तथा अब वे आईपीएल में क्रिकेट टीम खरीदने के भी इच्छुक हैं।
अजय देवगन भी फिल्म निर्माता बनकर ‘ऑल दि बेस्ट’, ‘यू मी और हम’, ‘राजू चाचा’ का निर्माण कर चुके हैं। इसके साथ-साथ उनकी एक वितरण कंपनी और एक स्टूडियो है। उनकी पत्नी काजोल की भी अपनी एक साफ्टवेयर कंपनी और बिजनेस पोर्टल है। इसके साथ-साथ वे भी होटल बिजनेस में कदम रख रहे हैं।
मिथुन चक्रवर्ती पहले ऐसे हीरो थे जिन्होंने अपने स्टारडम के समय ही व्यापारी बनने का सपना पूरा किया। ऊटी, बेंगलुरु, कोलकाता में उनके पंचसितारा होटल हैं। इसके साथ-साथ उन्होंने भी अपनी एक प्रोड्क्शन कंपनी शुरू की हुई है।
सुपरस्टार संजय दत्त ने अपनी पत्नी मान्यता के लिए दक्षिण अफ्रीका में डिजाइनर वस्त्रों का एक स्टोर खोला है। इसके साथ-साथ संजय की दो प्रोड्क्शन कंपनियां-’वाइट फैदर फिल्म प्रोड्क्शन’ और ‘संजय दत्त फिल्म प्रोड्क्शंस प्राइवेट लिमिटेड’ है। संजय दत्त के पिता सुनील दत्त ने भी अपने समय में फिल्मों से इतर प्रोपर्टी में पैसा लगाने के साथ-साथ अपना स्टूडियो भी शुरू किया था तथा बाद में सुनील दत्त ने राजनीति में अपना कैरियर बनाया तथा बतौर निर्माता कई फिल्में बनाईं। संजय दत्त भी अपने पिता की तरह राजनीति में अपना कैरियर बनाने में जुटे हैं। इसके साथ-साथ संजय का बांद्रा में ‘पॉयजन’ रेस्तरां है। जो इस वर्ष 15 अगस्त पर शराब परोसने के कारण विवादों में घिर गया था।
सुनील शेट्टी का फिल्मी कैरियर भले शौकिया रहा हो पर एक व्यवसायी के रूप में उन्होंने गंभीर भूमिका निभाई है। रिटेल, रेस्टोरेंट, प्रोड्क्शन स्टूडियो, होटल सभी व्यवसायों में सुनील शेट्टी सफल रहे हैं। सुनील शेट्टी के मुंबई और मैंगलोर में रेस्तरां हैं। रेस्तरां के साथ-साथ उनका गारमेंटस का बिजनेस भी हैं। उनका एक एक्सपोर्र्ट हाउस भी है जिसे उनकी पत्नी मान्या देखती हैं। अब सुनील ने इसे विस्तार देते हुए 109 एफ जैसे ब्राडंस के साथ लाइफस्टाइल स्टोर्स की चेन शुरू कर रहे हैं। इन स्टोर्स में कॉफी शॉप, बारबर शॉप, सलोन आदि सब कुछ होगा। ये विस्तार वे रिटेल गारमेंटस कंपनी ‘क्रिएटिव’ के साथ मिलकर साझेदारी में कर रहे हैं। क्रॉस ओवर क्रिएटिव ब्रांड से शुरू होने वाले इन स्टोर्स में बॉलीवुड के डिजाइन मिलेंगे। इन सब व्यवसाय के साथ उनकी एक फिल्म निर्माण कंपनी ‘पॉपकार्न एंटरटेनमेंट्स’ भी है। इतना ही नहीं सुनील अपनी एक सिक्यूरिटी सर्विसिस भी चलाते हैं। जो फिल्मी सितारों के साथ-साथ कई उद्योगपतियों को बॉडी गार्डस और निजी सुरक्षा कर्मी प्रदान करती है।
दक्षिणी सितारों को यूं भी फिल्मों से इतर बिजनेस करने का खूब शौक है। कई स्टार टीवी चैनलों में भी धन लगा रहे हैं। परंतु मलयाली सुपरस्टार मोहन लाल ने एक अनोखा व्यवसाय 22 साल के फिल्मी कैरियर के बाद शुरू किया। उन्होंने मसालों और अचार का व्यापार ‘टेस्ट बड्स’ नाम से शुरू किया है। ये टेस्ट बड्स मसाले गल्फ देशों में रह रहे दक्षिण भारतीयों में खासे लोकप्रिय हैं। और अब मोहनलाल ने करामा शहर में इसी नाम से एक रेस्तरां शुरू किया है। इसके साथ-साथ उनकी एक जहाजरानी कंपनी और कैराली चैनल में हिस्सेदारी भी है।
फिल्मों में मोहन लाल के प्रतिद्वंद्वी और असली जीवन में उनके गहरे मित्र मम्मूटी जो दक्षिण के नामी सुपरस्टार हैं, उनका साइड बिजनेस टीवी चैनल का है। वे कैराली टीवी और एशिया नेट चैनलों के मालिक हैं। हाल ही में मम्मूटी ने एशिया नेट 24 X 7 और मिडिल ईस्ट एशिया नेट जैसे नए दो मनोरंजक चैनल भी शुरू किए हैं।
फिल्म ‘राजनीति’ की सफलता के घोड़े पर सवार निर्माता-निर्देशक प्रकाश झा ने भी रीयल सेक्टर में कदम रखा है। लगभग 1,100 करोड़ रुपयों की लागत से प्रकाश झा बिहार के विभिन्न शहरों में 30 शॉपिंग मॉल बना रहे हैं। जहां बड़े-बड़े ब्रांड स्टोर्स के साथ मल्टीप्लेक्स थियेटर और एक्टिंग के कोचिंग सेंटर भी होंगे। अपने इस प्रोजेक्ट के लिए झा ने जॉन्स लांग मेघराज कंसलटेंसी कंपनी का सहारा लिया है। और बिग बाजार, रेमडंस, सियाराम जैसे स्टोर्स से बात भी पक्की हो गई है। मल्टीप्लेक्स एड्लैब के होंगे। ये मॉल झारखंड में भी बनाए जाएंगे। जमशेदपुर, हाजीपुर, दरभंगा, धनबाद सहित पटना में 12 ऐसे मॉल बनकर तैयार भी हो चुके हैं। इसके साथ-साथ प्रकाश झा का एक क्षेत्रीय चैनल मौर्या टीवी भी है और राजनीति में भी वे अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

Comments (2)

Follow us on
Friend
Follow
Watch
Read Our Guest's Blog